Translate

Showing posts with label मंसूर खान. Show all posts
Showing posts with label मंसूर खान. Show all posts

Tuesday, January 17, 2017

दिलचस्प किस्सों की दास्तां

कयामत से कयामत तक एक ऐसी फिल्म जिसने अस्सी के दशक के आखिर में बॉलीवुड फिल्मों के लिए टेंड सेटर बना । उस ट्रेंड पर चलकर आगे भी कई फिल्में बनीं । अभी इस फिल्म को केंद्र में रखकर गौतम चिंतामणि ने एक किताब- कयामत से कयामत तक, द फिल्म दैट रिवाइव्ड हिंदी सिनेमा लिखी । इस वक्त जितने भी लोग फिल्मों पर लिख रहे हैं उसमें गौतम चिंतामणि को गंभीरता से लिया जा रहा है । इसके पहले उन्होंने राजेश खन्ना पर भी एक किताब- डार्क स्टार- लिखी थी जिसे पाठकों ने हाथों हाथ लिया था । उसका हिंदी अनुवाद भी बेस्ट सेलर बना । अपनी इस किताब कयामत से कयामत तक में गौतम चिंतामणि ने इस फिल्म के आइडिया लेकर उसके बनने और रिलीज होने तक की कहानी को समेटा है । इस किताब की भूमिका फिल्म के डायरेक्टर मंसूर खान ने लिखी है । इस किताब में लेखक गौतम चिंतामणि ने दो पीढ़ियों की सोच में आ रहे बदलाव को बेहद संजीदगी से पकड़ा और लिखा है । मंसूर खान और उनके पिता नासिर हुसैन के बीच फिल्मों को लेकर जिस तरह से बहसें होती थीं उसको पढ़ते हुए बॉलीवुड के बदलाव को भी पकड़ा जा सकता है । फिल्म के अंत को लेकर दोनों के बीच बहस स्क्रिप्ट, कास्ट और कॉस्टूयम को लेकर मंथन बेहद दिलचस्प है । इन बहसों के साथ गौतम पीढ़ियों में आ रहे बदलाव को तोसामने रखते ही हैं अस्सी के दशक की फिल्मों की पड़ताल भी करते चलते हैं ।
फिल्म में आमिर खान को लीड रोल में लेने का भी दिलचस्प किस्सा है । आमिर खान उस वक्त नासिर हुसैन के असिस्टेंट हुआ करते थे । फिल्म मंजिल-मंजिल पर बात करने के लिए आमिर और नासिर लोनावला के एक रिसॉर्ट में थे । संयोग से वहीं जावेद अख्तर भी रुके थे जो उन दिनों शेखर कपूर और राहुल रवैल के दो प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे । उन्हें पता चला कि नासिर हुसैन भी वहीं हैं तो जावेद उनके कमरे में पहुंच गए । कमरे में आमिर खान को बैठा देखकर जावेद ने पूछा कि ये कौन हैं ? नासिर हुसैन ने जब बताया आमिर उनके असिस्टेंट हैं तो जावेद साहब ने कहा- अरे ! ये असिस्टेंट क्यों है, इसे तो आपका हीरो होना चाहिए । बात आई गई हो गई लेकिन तीन-चार महीने बाद जब एक दिन नासिर साहब ने आमिर को बलाकर कहा कि वो उनके साथ एक फिल्म बनाने का फैसला कर चुके हैं । तो इस तरह से आमिर का कयामत से कयामत तक में पहुंचने का रास्ता बना । बाद में हलांकि आमिर को भी तय प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था । इसी तरह से जूही चावला के चुनाव को लेकर भी किस्सा दिलचस्प है । कयामत से कयामत तक फिल्म में संगीत को लेकर मंसूर खान ने अपनी गाड़ी में बैठकर संगीतकार के साथ ट्यून तय किया था । पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा लिखकर जब मजरूह सुल्तानपुरी लाए तो नासिर खुश नहीं हुए । पापा कहते हैं को लेकर नासिर साहब से उसकी गर्मागर्म बहस हुई लेकिन नासिर साहब के कहने से मंसूर  मान गये । पूरी फिल्म में नासिर हुसैन की इतनी ही बात मानी गई, ऐसा लगता है ।   
अंग्रेजी में इस तरह की किताबें को देखकर ये लगता है कि काश हिंदी के लेखक भी फिल्मों पर इतनी ही गंभीरता से किताबें लिखते । हिंदी में हाल के दिनों में फिल्मों पर किताबें लिखने का चलन शुरू हुआ है लेकिन अपेक्षा के मुताबिक लेखन नहीं हो रहा है । अब भी सिनेमा पर गंभीर किताबें अंग्रेजी में ही आती हैं जो चर्चित होने के बाद हिंदी में अनुदित होकर पाठकों तक पहुंचती हैं । 
(8 जनवरी 2016, अमर उजाला)