Translate

Showing posts with label स्टोरीटेल. ऑडिबल. Show all posts
Showing posts with label स्टोरीटेल. ऑडिबल. Show all posts

Thursday, April 16, 2020

ऑडियो बुक्स से बढ़ता प्रेम

कोरोना के चलते देशभर में जारी लॉकडाउन का साहित्य के कई क्षेत्रों में सकारात्मक असर पड़ा है। साहित्य के पाठकों के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए संघर्ष कर रहे है ऑडियो बुक्स को लॉकडाउऩ के दौर में श्रोता-पाठकों का भी प्यार मिला है। घर में रहने के दौरान और किताबों की दुकानों के बंद रहने और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की डिलवरी बंद होने की वजह से लोगों को पढ़ने के लिए पुस्तकें नहीं मिल पा रही हैं। इस दौरान कोई फिल्म भी रिलीज नहीं हुई और न ही चेलीविजन पर चलनेवाले सीरियल के नए एपिसोड्स आ रहे हैं। नई फिल्मों और सीरियल के नए एपिसोड्स के आभाव में लोगों के पास मन बहलाने और समय बिताने के लिए बहुत ज्यादा विकल्प नहीं बचते हैं। ओवर द टॉप प्लेटफॉर्म पर वेब सीरीज और फिल्में देखने का एक विकल्प है। समय बिताने के विकल्पों के कम होने की वजह से लोगों का रुझान ऑडियो बुक्स की तरफ हुआ। ऑडियो बुक्स यानि किसी उपन्यास, कहानी, कविता या कथेतर कृतियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग। 
ऑडियो बुक्स को लेकर पूरी दुनिया में पाठको-श्रोताओं की एक रुचि लक्षित की गई है वो ये है कि अपेक्षाकृत लंबी कृतियों को लोग सुनना ज्यादा पसंद करते हैं। इसको इस तरह से भी समझा जा सकता है कि कहानी या कविता की तुलना में लोग उपन्यास को अधिक सुनते हैं. आकार में बड़ी कृतियां ही ज्यादा डाउनलोड होती हैं और पसंद की जाती हैं। हमारे देश में भी पाठकों की रुचि इसी ओर है। ऑडियो बुक्स बनाने और उसको पाठकों-श्रोताओं के लिए बेचने वाली अंतराष्ट्रीय कंपनी स्टोरीटेल के भारत में प्रमुख गिरिराज किराडू के मुताबिक हिंदी में भी लोग लंबी कृतियों को सुनना ज्यादा पसंद करते हैं। गिरिराज किराडू के मुताबिक लॉकडाउऩ के दौर में हिंदी के पाठकों का रुझान ऑडियो बुक्स की तरफ बढ़ा है। कार्यालय बंद होने की वजह से वो इस बढ़ोत्तरी का आंकड़ा उपलब्ध नहीं करवा पाए लेकिन उनके मुताबिक बहुत अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है लेकिन यहां भी पाठकों की रुति कालजयी कृतियों में ज्यादा देखने को मिल रही है। हिंदी में अभी भी प्रेमचंद का उपन्यास गोदान या फिर श्रीलाल शुक्ल का राग दरबारी को अन्य कृतियों से ज्यादा श्रोता मिल रहे हैं। स्टोरीटेल के अलावा अमेजन की एक कंपनी ऑडिबल भी ऑडियो बुक्स पाठकों के लिए उपलब्ध करवाती है। इस प्लेटफॉर्म पर सैकड़ों ऑडियो बुक्स मुफ्त में महीने भर के लिए उपलब्ध हैं। ऑडिबल ने लॉकडाउन की अवधि को ध्यान में रखते हुए पाठकों के लिए कई तरह की सहूलियतें भी दी हैं। ऑडियो बुक्स का एक फायदा यह भी होता है कि पाठक-श्रोता कोई अन्य कार्य करते हुए भी इसको सुन सकते हैं। लॉकडाउन में अगर आप घर का कोई काम कर रहे हैं तो भी आप अपनी पसंद की कृतियों को सुन सकते हैं।