Translate

Showing posts with label वैजयंतीमाला. Show all posts
Showing posts with label वैजयंतीमाला. Show all posts

Friday, June 21, 2024

ये मेरा प्रेम पढ़कर...


आज से 60 वर्ष पहले बनी फिल्म संगम का एक गाना है, ओ मेरे सनम, ओ मेरे सनम। उस गीत के पहले के एक दृष्य को याद करिए। फिल्म में आईने के सामने बैठकर वैजयंतीमाला गहने पहन रही होती हैं। राज कपूर आते हैं और नायिका से दूसरा गहना पहनने का अनुरोध करते हैं। वैजंयतीमाला कहती है कि तुम अपवनी पसंद के गहने निकाल लाओ। जब वो लाकर से गहना निकाल रहा होता है तो उसके हाथ एक प्रेम पत्र लगता है। वो उसको पढ़ने लगता है। वो जानना चाहता है कि किसने लिखा। तभी फोन की घंटी बजती है। वैजंयतीमाला उसके हाथ से प्रेमपत्र लेकर फोन उठाने दूसरे कमरे में चली जाती है। फोन पर बात करते-करते वो प्रेमपत्र फाड़कर खिड़की से बाहर फेंक देती है। राज कपूर ये देख लेते हैं। जब वो दोनों पार्टी में जाने के लिए निकलते हैं तो राज कपूर रुमाल भूलने का बहाना करके वापस घर में घुसते हैं। खिड़की के बाहर फटे प्रेमपत्र को उठा रहे होते हैं। वैजंयतीमाला को शक हो जाता है। वो भी वापस कमरे में आती है। दोनों में झगड़ा होता है। फिर राजकपूर पिस्तौल लेकर आते हैं। वैजंयतीमाला से कहते हैं कि जबतक उनको ये पता नहीं चल जाएगा कि ये खत किसने लिखे तबतक वो अंगारों पर लोटते रहेंगे, जैसे ही पता चलेगा ये अंगारा उसके सीने में उतार देंगे। इस संवाद के बाद दरवाजा बंद हो जाता है। पर्दे पर कुछ देर के लिए सन्नाटा। आपको लग रहा होगा कि इस दृष्य के बारे में विस्तार से चर्चा क्यों? वो इसलिए ये सीन राज कपूर की असली जिंदगी में घटित हुआ था जिसको उन्होंने फिल्म संगम में उतार दिया। 

1955 की बात है, राज कपूर और नर्गिस फिल्म चोरी चोरी की मद्रास (अब चेन्नई) में शूटिंग कर रहे थे। उस दौरान एक दिन दोनों के बीच जबरदस्त झगड़ा हुआ था। वो झगड़ा एक प्रेमपत्र को लेकर हुआ था। लगभग तीन दशक बाद राज कपूर ने पत्रकार सुरेश कोहली से बातचीत करते हुए ये स्वीकार भी किया था। जब दोनों के बीच बातचीत हो रही थी तो अचानक राज कपूर ने अपनी दराज से एक फ्रेम किया हुआ पत्र निकाला। उस पत्र के कुछ हिस्से गायब थे। फटे हुए टुकड़ों को चिपका कर फ्रेम करवाया गया था। राज कपूर ने उस दिन की बातचीत में दिल खोल दिया था, पूरी दुनिया रहती है कि मैंने नर्गिस को धोखा दिया। लेकिन कहानी इसके उलट है। हुआ ये कि हमलोग एक पार्टी में जानेवाले थे। देर हो रही थी। मैं नर्गिस के पास पहुंचा तो देखा उसके हाथ में एक कागज था। मैंने उससे पूछा कि क्या है तो उसने कहा, कुछ नहीं, कुछ नहीं। इतना कहकर उसने उस कागज को फाड़ दिया और मेरे साथ चल पड़ी। जब हम कार के पास पहुंचे तो मैं रुमाल भूलने का बहाना बनाकर वापस उसी जगह पहुंचा। तबतक मेड ने कागज के टुकड़ों को फर्श से हटाकर डस्टबिन में डाल दिया था। मैंने डस्टबिन से फटे हुए कागज उठाकर अपने कमरे की दराज मे रख दिया। जब हम पार्टी से लौटे तो उन फटे कागजों को जोड़कर पढ़ा। वो शाहिद लतीफ नाम के एक प्रोड्यूसर का प्रणय निवेदन था। नर्गिस ने पहली बार मुझसे झूठ बोला था और मेरा विश्वास तोड़ा था।‘  इस घटना के बाद राज कपूर और नर्गिस के बीच जबरदस्त झगड़ा हुआ था। कहा जाता है कि तभी से राज कपूर की जिंदगी में शराब का प्रवेश हुआ । राज कपूर ने अपनी जिंदगी की इस सच्ची घटना को संगम फिल्म में जस का तस रख दिया। फिल्म में भी इस घटना के बाद की पार्टी में राज जमकर शराब पीते हैं। 

संगम एक ऐसी फिल्म थी जिसने राज कपूर को प्रसिद्धि तो दिलाई लेकिन उनकी पारिवारिक जिंदगी में भूचाल ला दिया था। इस फिल्म की नायिका वैजंयतीमाला अचानक सफेद साड़ी पहनने लगी थी। माना जाता था कि जो स्त्री राज कपूर के प्रेम में होती थी वो सफेद साड़ी या कपड़े पहनने लगती थी।  उसके और राज कपूर के रोमांस के किस्से आम होने लगे थे। शम्मी कपूर ने अपनी भाभी कृष्णा कपूर को राज कपूर के नए रिश्ते को लेकर सावधान किया था। मुंबई  में चेंबूर के राज कपूर के घर में इस फिल्म के बनने के समय झगड़े शुरू हो गए थे। बात इतनी बढ़ी कि राज कपूर जब फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन के लिए लंदन गए तो कृष्णा को भी साथ लेकर जाना पड़ा। वैजंयतीमाला वहीं थीं। उस समय कृष्णा की मित्र ने उनसे पूछा था कि आप ये सब कैसे झेल पाती हैं। उन्होंने कहा था कि छाती पर पत्थर रखकर। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान वैजंयतीमाला और राज कपूर के रिश्ते से कृष्णा इतनी झुब्ध हुईं कि घर छोड़कर चली गईं थी। वो तो भला हो इंकम टैक्स डिपार्टमेंट का कि राज कपूर के घर रेड मारी तो उनको अपनी पत्नी  की याद आई, क्योंकि सारे कागज वही संभालती थीं। किसी तरह मिन्नतें करके कृष्णा को वापस घर लाए। संगम को एक सुपर हिट फिल्म के तौर पर तो याद किया ही जाता है लेकिन उस दौरान राज कपूर की जिंदगी की बदलती कहानी भी याद आती है। 


Friday, March 24, 2017

सलमान का प्यार जिंदा है !

बहुत पुरानी कहावत है कि सच्चा प्यार कभी मरता नहीं है लेकिन फिल्मी प्यार को कई बार खत्म होते देखा गया है । बॉलीवुड की चमकती दमकती दुनिया में कोई चाहे किसी को भी कितना भी प्यार करे कई बार उसको खत्म होने में कोई वक्त नहीं लगता है । फिल्मी प्यार के पनपने, परवान चढ़ने और खत्म होते कई बार देखा गया है । फिल्मों के कई हीरोज़ ने कई बार अपने प्यार को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है तो बहुधा अपने दोस्तों से साझा किया है । अभी हाल ही में प्रकाशित अपनी आत्मकथा ‘खुल्लम खुल्ला’ में ऋषि ने अपनी गर्लफ्रेंड यास्मीन से अपने संबधों के बारे में खुलकर लिखा है । ऋषि ने माना है कि एक फिल्म पत्रिका में उनके और डिंपल के बीच रोमांस की खबरों ने यास्मीन को उनसे अलग कर दिया । यास्मीन के गम में वो कई दिनों तक डूबे रहे थे और एक दिन होटल में यास्मीन को देखकर शराब के नशे में हंगामा किया था । जब होटल में उन्होने यास्मीन को एक दूसरे शख्स के साथ देखा तो उनके पीछे रेस्त्रां तक गए और उनसे दो टेबल दूर बैठकर शराब पीने लगे । ऋषि ने एक शराब की बोतल यास्मीन के टेबल पर भिजवाया भी जिसे उसने ठुकरा दिया था । तबतक ऋषि अपने दोस्तों के साथ अठारह हजार रुपए की शराब पी चुके थे । इसी किताब में ऋषि कपूर ने अपने पिता राज कपूर और नरगिस के बीच के प्यार को बेहद खूबसूरती से लिखा है - पापा और नरगिस के प्रेम संबंध के बारे में उनकी मां समेत सभी को जानकारी थी । उनकी मां कृष्णा ने राज-नरगिस के इस अफेयर का बहुत विरोध आदि नहीं किया या इस विवाहेत्तर संबंध को लेकर घर में लड़ाई झगड़े की नौबत नहीं आई थी । पर जब नरगिस से राज कपूर का ब्रेकअप हुआ और वैजयंतीमाला से प्रेम संबंध बना तो कृष्णा अपने बच्चों के साथ राज कपूर का घर छोड़कर होटल में रहने चली गई थीं और बाद में अलग घर में रहने लगी थी । राज कपूर ने तमाम कोशिशें की, मिन्नतें कीं लेकिन कृष्णा घर तभी लौटीं जब राज और वैजयंती के बीच ब्रेकअप हो गया ।‘ इसी तरह से मीना कुमारी के धर्मेन्द्र से लेकर दिलीप कुमार तक से प्यार के किस्से आम हैं लेकिन प्यार शादी की दहलीज तक नहीं पहुंच सका था । ऐसा नहीं है कि बॉलीवुड के नायक-नायिकाओं के बीच पनपा प्यार अंजाम तक नहीं पहुंचता है । दिलीप कुमार सायरा बानो से लेकर काजोल-अजय देवगन और अभिषेक बच्चन- एश्वर्या तक के अफेयर शादी और सुखी वैवाहिक जीवन तक में बदले ।
मोहब्बत के इन तमाम अफसानों के बीच कई मशहूर किस्से सलमान खान के भी हैं  । सलमान खान को हर दौर में अलग हीरोइंस से प्यार हुआ, इकरार भी हुआ, अफेयर भी लंबे समय तक चला लेकिन उससे आगे कभी नहीं बढ़ सका । सलमान खान के तमाम अफेयर्स में से उनका कटरीना के साथ का अफेयर सबसे खास और लंबे समय तक चला । जब भी सलमान खान से किसी भी प्रेस कांफ्रेंस में कटरीना के बारे में पूछा जाता है तो उनके चेहरे पर एक खास किस्म की चमक दिखाई देती है जिसमें प्यार की गर्मी को अंडरलाइन किया जा सकता है । ऐश्वर्या राय से ब्रेकअप के बाद सलमान खान की जिंदगी में कटरीना कैफ आईं और फिर दोनों ने एक दूसरे में सुकून ढूंढ लिया । दोनों ने एक के बाद एक कई सफल फिल्में की । दोनों के बीच ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन केमिस्ट्री जबरदस्त रही थी । लेकिन सलमान खान की ये प्रेमिका भी उनके साथ ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी । दोनों के ब्रेकअप की खबरें भी आने लगी थी लेकिन इस संबंध के टूटने की मुनादी कर दी समुद्र तट पर छुट्टियां मना रही कटरीना और रणवीर कपूर की तस्वीरों ने । बिकिनी में कटरीना और छुट्टी के मूड में दिख रहे रणवीर की इन तस्वीरों ने उस वक्त खूब सुर्खियां बटोरी थी । रणवीर और कटरीना के संबंधों को करीना कपूर ने एक इंटरव्यू में स्वीकार भी कर लिया था । लेकिन रणवीर कटरीना का रोमांस या अफेयर ज्यादा दिन नहीं चल पाया । उस दौर में सलमान खान ने कटरीना से चुटकी भी ली थी और दोनों में दूरियां साफ तौर पर दिखती थी । कटरीना, सलमान खान के साथ दिखना नहीं चाहती थीं और ना ही सलमान के बारे में किसी तरह की टिप्पणी करती थी ।

अब जब सलमान खान एक बार फिर से कटरीना के साथ ‘टाइगर जिंदा है’ में काम कर रहे हैं तो कहा जा रहा है कि दोनों के बीच का प्रेम एक बार फिर से फूट पड़ा है । लगभग पांच साल के बाद दोनों एक साथ किसी फिल्म में आ रहे हैं और इन दिनों ‘टाइगर जिंदा है’ कि शूटिंग के लिए ऑस्ट्रिया में हैं । ‘टाइगर जिंदा है’ के सेट से जब कटरीना ने अपनी फोटो शेयर की थी तब उनके फैंस निराश हो गए थे क्योंकि फ्रेम में सलमान भाई नहीं थे । ट्विटर से लेकर फेसबुक पर सलमान के फैंस ने भी निराशा जाहिर की थी । इस पर अभी बातें हो ही रही थी कि सलमान खान ने कटरीना के साथ अपनी एक पिक्चर ट्वीट कर दी । फोटो में दोनों के बीच केमिस्ट्री बेहतरीन लग रही है लेकिन उससे भी अहम है ट्विट पर सलमान की टिप्पणी । फोटो के साथ सलमान ने लिखा – बैक टुगेदर, इन टाइगर जिंदा है । इस टिप्पणी में बैक टुगेदर को डिकोड करने की जरूरत है । अभी चंद दिनों पहले कटरीना कैफ से एक इंटरव्यू में पूछा गया था कि बॉलीवुड में कौन उनको परिवार की तरह महसूस करवाता है तो उन्होंने बगैर वक्त गंवाए कहा था सलमान खान । इसके पहले भी जब वो बिग बॉस के सेट पर अपनी फिल्म फितूर के प्रमोशन के लिए पहुंची थी तब भी सलमान और उनके बीच के संवाद का अंदाज कुछ अलग कहानी बयां कर रहा था । तो क्या मान लिया जाए कि पांच साल पहले जिस प्यार की डोर टूट सी गई थी वो ऑस्ट्रिया के खूबसूरत लोकेशन पर एक बार फिर से जुड़ने लगी है । इस प्यार की डोर को इस वजह से भी जुड़ता देखा जा रहा है क्योंकि सलमान की गर्लफ्रेंड लूलिया वेंतूर कटरीना की वजह से ही ऑस्ट्रिया नहीं जा पा रही है । टाइगर जिंदा है की शूटिंग खत्म होते होते प्यार के फूल भी पूरी तरह से खिल चुके होंगे । 

Saturday, February 18, 2017

खुल्लम-खुल्ला से खुलते राज

हाल के दिनों में अपने चंद ट्वीट्स को लेकर खासे चर्चा में आए ऋषि कपूर की आत्मकथा जब बाजार में आई तो उसके नाम को लेकर भी लेकर एक उत्सकुकता का वातावरण बना । पत्रकार मीना अय्यर के साथ मिलकर उन्होंने अपनी जिंदगी के कई पन्नों को खोला । अपने पिता और खुद की प्रेमिकाओं के बारे में खुल कर लिखा है । यह किताब शास्त्रीय आत्मकथा से थोड़ा हटकर है क्योंकि इसमें हर वाकए पर ऋषि कपूर कमेंटेटर की तरह अपनी राय भी देते चलते हैं । ऋषि कपूर  ने साफ लिखा है कि जब उनके पापा का नरगिस जी से अफेयर चल रहा था तब घर में सबको मालूम था लेकिन उसकी मां कृष्णा ने बहुत विरोध आदि नहीं किया या इस विवाहेत्तर संबंध को लेकर घर में लड़ाई झगड़ा नहीं हुआ । जब राज कपूर का वैजयंतीमाला से प्रेम संबंध बना तो कृष्णा अपने बच्चों के साथ राज कपूर का घर छोड़कर होटल में रहने चली गई थीं और बाद में अलग घर में । राज कपूर ने तमाम कोशिशें की लेकिन कृष्णा घर तभी लौटीं जब राज और वैजयंती के बीच ब्रेकअप हो गया । इस पूरे प्रसंग को बताते हिए ऋषि इस बात पर हैरानी भी जताते हैं कि वैजयंती माला ने चंद साल पहले एक इंटरव्यू में अरने प्रेम संबंध से इंकार कर दिया था और कहा था कि राज कपूर ने पब्लिसिटी के लिए ये कहानी गढ़ी थी । ऋषि साफ तौर पर कहते हैं कि वैजयंतीमाला को तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश नहीं करना चाहिए वो भी तब जब राज कपूर अपने बचाव के लिए नहीं हैं ।
इसी तरह से ऋषि ने अपनी गर्लफ्रेंड यास्मीन से अपने संबधों के बारे में बताया है । ऋषि ने माना है कि एक फिल्म पत्रिका में उनके और डिंपल के बीच रोमांस की खबरों ने यास्मीन को उनसे अलग कर दिया । यास्मीन के गम में वो कई दिनों तक डूबे रहे थे और एक दिन होटल में यास्मीन को देखकर शराब के नशे में हंगामा किया था । जबकि उन्होंने साफ तौर पर माना है कि डिंपल से उनको कभी प्यार हुआ ही नहीं था । हलांकि कई सालों के बाद उन्होंने डिंपल के साथ फिर से सागर फिल्म में काम किया था तो उस दौर में नीतू सिंह भी दोनों के बीच के रिश्ते को लेकर सशंकित हो गई थी ।
ऐसा नहीं है कि इस किताब में सिर्फ प्यार मोहब्बत के किस्से ही हैं । इस में ऋषि कपूर ने अपनी असफलता के दौर पर भी लिखा है और माना है कि उस दौर में वो अपनी असफलता के लिए नीतू सिंह को जिम्मेदार मानने लगे थे इस वजह से पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव आ गया था । लेकिन इस किताब का सबसे मार्मिक प्रसंग है जब राज कपूर अपने अंतिम दिनों में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती थे तो दिलीप कुमार उनसे मिलने आए थे । अस्पताल में बेसुध पड़े राज कपूर के हाथ को पकड़कर दिलीप कुमार ने कहा था- ‘राज, अब उठ जा । तू हमेशा से हर सीन में छाते रहे हो, इस वक्त भी सारे हेडलाइंस तेरे पर ही है । राज आंखे खोल, मैं अभी पेशावर से आया हूं और वहां से कबाब लेकर आया हूं जो हमलोग बचपन में खाया करते थे ।‘  दिलीप कुमार बीस मिनट तक ऐसी बातें करते रहे थे । ऋषि ने बताया कि दोनों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा रहती थी लेकिन दोनों बेहतरीन दोस्त थे । खुल्लम-खुल्ला में ऋषि ने सचमुच दिल खोल दिया है ।