Translate

Showing posts with label कटरीना कैफ. Show all posts
Showing posts with label कटरीना कैफ. Show all posts

Friday, May 5, 2017

सुपरस्टार का ब्रेकअप!

कहते हैं दबंग की मौजूदा प्रेमिका लूलिया वंतूर इन दिनों सलमान खान से बेहद नाराज है। पहले तो वो इस बात से खफा हो गई थीं कि सलमान खान उनको अपने साथ वर्ल्ड टूर पर नहीं ले गए। लूलिया की ख्वाहिश थी कि वो सलमान खान के ट्रूप के साथ ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर जाए और वहां फरफॉर्म भी करे जिसे सलमान ने मना कर दिया। इस दौरे में सलमान के साथ सोनाक्षी सिन्हा, बिपाशा बसु के अलावा उनके परिवार के कई सदस्य भी साथ थे। सलमान के इंकार से लूलिया इतनी खफा हो गई कि वो अल्वीरा की पार्टी में सलमान के घर नहीं गई। बॉलीवुड की खबरों के मुताबिक लूलिया इन दिनों सलमान से बेहद खफा चल रही हैं। दोनों के बीच के रिश्ते में खटास की कई वजहें मानी जा रही है। पहली तो वर्ल्ड टूर के बारे में हम बात कर ही चुके हैं दूसरे सलमान खान का एक बार फिर से कटरीना के करीब आने को लूलिया बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं । सलमान खान इन दिनों खुलकर अपनी पुरानी प्रेमिका कटरीना की ना सिर्फ तारीफ कर रहे हैं बल्कि उसको फिल्में आदि दिलवाने के लिए भी कोशिश कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले सल्लू भाई ने अपनी एक्स महबूबा के लिए अदि चोपड़ा को फोन किया था और बताया जाता है कि सलमान ने आमिर खान के अपोजिट कटरीना को लेने का सुझाव दिया था। इस खबर के बाहर आते ही लूलिया सलमान खान पर बुरी तरह से भड़क गईं और दोनों के बीच की दूरियां बढ़ गईं। इसके पहले भी जब सलमान खान ने ‘टाइगर जिंदा है’ के सेट से अपनी और कटरीना का फोटो ट्वीट किया था तब भी लूलिया ने इसको पुराने प्यार के बिरबे को हरा होने जैसा माना था।
सलमान और लूलिया के बीच बढ़ती दूरी को ‘ट्यूबलाइट’ की पार्टी के दौरान भी वहां मौजूद लोगों ने महसूस किया। दरअसल कबीर खान और उनकी पत्नी मिनी माथुर ने ‘ट्यूबलाइट’ फिल्म के लिए एक पार्टी आयोजित की थी । इस पार्टी के लिए सलमान खान और लूलिया दोनों अलग अलग गाड़ी में पहुंचे थे और पूरी पार्टी के दौरान दोनों एक दूसरे से खिंचे खिंचे से रहे थे। करीब घंटे भर रहने के बाद सलमान बेहद तनाव में उस पार्टी से निकल गए थे। सलमान खान के निकलने के काफी देर बार लूलिया उस पार्टी से निकली थी और बगैर फोटो आदि के लिए पोज़ दिए वहां से तीर की तरह निकल गई थी। दोनों के चेहरे साफ बता रहे थे कि मामला संगीन है और कम से कम सामान्य तो नहीं ही है। लूलिया इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है कि सलमान और कटरीना दोनों एक बार फिर से करीब आ रहे हैं । कटरीना भी सार्वजनिक रूप से सलमान की शान में कसीदे पढ़ रही है, उनकी जमकर तारीफ कर रही है। कटरीना की इन तारीफों का असर लूलिया पर हो रहा है और वो मानती है कि सलमान के दिल में भी कटरीना को लेकर अब दबा-दबा सा ही सही लेकिन प्यार की चिंगारी तो है ही जो कभी भी फूट सकता है।
सलमान और लूलिया के बीच झगड़े की ये कोई पहली घटना नहीं है । इसके पहले भी डेजी शाह और जरीन खान को लेकर भी सलमान और लूलिया में झगड़े होते रहे हैं । दरअसल लूलिया को सलमान और डेजी और जरीन की नजदीकियां पसंद नहीं हैं । वो कई बार सलमान खान से इस बारे में शिकायत कर चुकी है लेकिन सलमान भाई अपना स्टाइल को बदलने के लिए तैयार नहीं हैं । उनको अपने दूसरे रिश्तों में किसी का भी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं है। जब भी लूलिया ने डेजी की शिकायत सलमान खान से की तो सल्लू मियां ने उसको झिड़क दिया । फिर तो लूलिया ने डेज़ी शाह से खुद ही निबटने की ठानी और सीधे उससे भिड़ गईं । बॉलीवुड से जुड़े लोगों का कहना है कि हाल ही में डेजी शाह और लूलिया के बीच जमकर झगड़ा हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि सलमान को अपनी गर्लफ्रेंड लूलिया को चेतावनी देनी पड़ी । इसके पहले भी जब दो हजार सोलह में रोमानियन ब्यूटी लूलिया का वीजा खत्म हो गया था तब वो वापस अपने देश चली गई थी। उस वक्त भी दोनों के बीच मनमुटाव की खबरें आई थी और लूलिया ने अपने ट्वीट्स से भी कुछ इसी तरह के संकेत दिए थे। हाल ही में ये खबर भी आई कि किसी शादी के सिलसिले में सलमान खान और लूलिया वंतूर उदयपुर गए थे लेकिन दोनों में बातचीत नहीं हुई। लूलिया ने इंस्टाग्राम पर अपने अकेले की फोटो पोस्टकर इन बातों को और हवा दी।

इक्यावन साल के बॉलीवुड के इस सुपरस्टार सलमान खान को नजदीक से जाननेवाले लोगों का दावा है कि वो अपनी जाति जिंदगी में किसी तरह की दखलअंदाजी मंजूर नहीं करते हैं । बॉलीवुड के लंबे करियर में उनकी कई महबूबाएं हुई लेकिन कोई भी रिश्ता शादी के मंडप तक नहीं पहुंच पाया तो इसकी वजह यही मानी गई। जब उनकी गर्ल फ्रेंड डिमांडिंग होने लगती है तो वो उससे किनारा कर लेते हैं और सलमान भाई किनारा भी ऐसे करते हैं जैसे वो उनकी जिंदगी में कभी रही भी नहीं हो। लूलिया जिस तरह से सलमान खान की जिंदगी में हावी होने की कोशिश करती नजर आती हैं उसमें तो दोनों के बीच के झगड़ा होना तो निश्चित ही था। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि सलमान खान और लूलिया के बीच का ये झगड़ा स्थायी हो जाता है यानि दोनों के बीच ब्रेक अप हो जाता है या फिर प्यार की रार की तरह दोनों कुछ दिनों तक अलग रहने का दिखावा करते हैं । फिर मान मनौव्वल के दौर से होते हुए रिश्ता हरा हो जाता है। पहले भी सलमान और उनके गर्ल फ्रेंड के बीच इस तरह की लड़ाई झगड़े भी होते रहे हैं और पैचअप भी होता रहा है। सल्लू भाई के इश्क के बारे में कहा जाता है कि इस बारे में वो खुद भी कुछ नहीं कह सकते हैं कि इश्क कब परवान चढ़ेगा और कब उतर जाएगा।             

Friday, March 24, 2017

सलमान का प्यार जिंदा है !

बहुत पुरानी कहावत है कि सच्चा प्यार कभी मरता नहीं है लेकिन फिल्मी प्यार को कई बार खत्म होते देखा गया है । बॉलीवुड की चमकती दमकती दुनिया में कोई चाहे किसी को भी कितना भी प्यार करे कई बार उसको खत्म होने में कोई वक्त नहीं लगता है । फिल्मी प्यार के पनपने, परवान चढ़ने और खत्म होते कई बार देखा गया है । फिल्मों के कई हीरोज़ ने कई बार अपने प्यार को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है तो बहुधा अपने दोस्तों से साझा किया है । अभी हाल ही में प्रकाशित अपनी आत्मकथा ‘खुल्लम खुल्ला’ में ऋषि ने अपनी गर्लफ्रेंड यास्मीन से अपने संबधों के बारे में खुलकर लिखा है । ऋषि ने माना है कि एक फिल्म पत्रिका में उनके और डिंपल के बीच रोमांस की खबरों ने यास्मीन को उनसे अलग कर दिया । यास्मीन के गम में वो कई दिनों तक डूबे रहे थे और एक दिन होटल में यास्मीन को देखकर शराब के नशे में हंगामा किया था । जब होटल में उन्होने यास्मीन को एक दूसरे शख्स के साथ देखा तो उनके पीछे रेस्त्रां तक गए और उनसे दो टेबल दूर बैठकर शराब पीने लगे । ऋषि ने एक शराब की बोतल यास्मीन के टेबल पर भिजवाया भी जिसे उसने ठुकरा दिया था । तबतक ऋषि अपने दोस्तों के साथ अठारह हजार रुपए की शराब पी चुके थे । इसी किताब में ऋषि कपूर ने अपने पिता राज कपूर और नरगिस के बीच के प्यार को बेहद खूबसूरती से लिखा है - पापा और नरगिस के प्रेम संबंध के बारे में उनकी मां समेत सभी को जानकारी थी । उनकी मां कृष्णा ने राज-नरगिस के इस अफेयर का बहुत विरोध आदि नहीं किया या इस विवाहेत्तर संबंध को लेकर घर में लड़ाई झगड़े की नौबत नहीं आई थी । पर जब नरगिस से राज कपूर का ब्रेकअप हुआ और वैजयंतीमाला से प्रेम संबंध बना तो कृष्णा अपने बच्चों के साथ राज कपूर का घर छोड़कर होटल में रहने चली गई थीं और बाद में अलग घर में रहने लगी थी । राज कपूर ने तमाम कोशिशें की, मिन्नतें कीं लेकिन कृष्णा घर तभी लौटीं जब राज और वैजयंती के बीच ब्रेकअप हो गया ।‘ इसी तरह से मीना कुमारी के धर्मेन्द्र से लेकर दिलीप कुमार तक से प्यार के किस्से आम हैं लेकिन प्यार शादी की दहलीज तक नहीं पहुंच सका था । ऐसा नहीं है कि बॉलीवुड के नायक-नायिकाओं के बीच पनपा प्यार अंजाम तक नहीं पहुंचता है । दिलीप कुमार सायरा बानो से लेकर काजोल-अजय देवगन और अभिषेक बच्चन- एश्वर्या तक के अफेयर शादी और सुखी वैवाहिक जीवन तक में बदले ।
मोहब्बत के इन तमाम अफसानों के बीच कई मशहूर किस्से सलमान खान के भी हैं  । सलमान खान को हर दौर में अलग हीरोइंस से प्यार हुआ, इकरार भी हुआ, अफेयर भी लंबे समय तक चला लेकिन उससे आगे कभी नहीं बढ़ सका । सलमान खान के तमाम अफेयर्स में से उनका कटरीना के साथ का अफेयर सबसे खास और लंबे समय तक चला । जब भी सलमान खान से किसी भी प्रेस कांफ्रेंस में कटरीना के बारे में पूछा जाता है तो उनके चेहरे पर एक खास किस्म की चमक दिखाई देती है जिसमें प्यार की गर्मी को अंडरलाइन किया जा सकता है । ऐश्वर्या राय से ब्रेकअप के बाद सलमान खान की जिंदगी में कटरीना कैफ आईं और फिर दोनों ने एक दूसरे में सुकून ढूंढ लिया । दोनों ने एक के बाद एक कई सफल फिल्में की । दोनों के बीच ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन केमिस्ट्री जबरदस्त रही थी । लेकिन सलमान खान की ये प्रेमिका भी उनके साथ ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी । दोनों के ब्रेकअप की खबरें भी आने लगी थी लेकिन इस संबंध के टूटने की मुनादी कर दी समुद्र तट पर छुट्टियां मना रही कटरीना और रणवीर कपूर की तस्वीरों ने । बिकिनी में कटरीना और छुट्टी के मूड में दिख रहे रणवीर की इन तस्वीरों ने उस वक्त खूब सुर्खियां बटोरी थी । रणवीर और कटरीना के संबंधों को करीना कपूर ने एक इंटरव्यू में स्वीकार भी कर लिया था । लेकिन रणवीर कटरीना का रोमांस या अफेयर ज्यादा दिन नहीं चल पाया । उस दौर में सलमान खान ने कटरीना से चुटकी भी ली थी और दोनों में दूरियां साफ तौर पर दिखती थी । कटरीना, सलमान खान के साथ दिखना नहीं चाहती थीं और ना ही सलमान के बारे में किसी तरह की टिप्पणी करती थी ।

अब जब सलमान खान एक बार फिर से कटरीना के साथ ‘टाइगर जिंदा है’ में काम कर रहे हैं तो कहा जा रहा है कि दोनों के बीच का प्रेम एक बार फिर से फूट पड़ा है । लगभग पांच साल के बाद दोनों एक साथ किसी फिल्म में आ रहे हैं और इन दिनों ‘टाइगर जिंदा है’ कि शूटिंग के लिए ऑस्ट्रिया में हैं । ‘टाइगर जिंदा है’ के सेट से जब कटरीना ने अपनी फोटो शेयर की थी तब उनके फैंस निराश हो गए थे क्योंकि फ्रेम में सलमान भाई नहीं थे । ट्विटर से लेकर फेसबुक पर सलमान के फैंस ने भी निराशा जाहिर की थी । इस पर अभी बातें हो ही रही थी कि सलमान खान ने कटरीना के साथ अपनी एक पिक्चर ट्वीट कर दी । फोटो में दोनों के बीच केमिस्ट्री बेहतरीन लग रही है लेकिन उससे भी अहम है ट्विट पर सलमान की टिप्पणी । फोटो के साथ सलमान ने लिखा – बैक टुगेदर, इन टाइगर जिंदा है । इस टिप्पणी में बैक टुगेदर को डिकोड करने की जरूरत है । अभी चंद दिनों पहले कटरीना कैफ से एक इंटरव्यू में पूछा गया था कि बॉलीवुड में कौन उनको परिवार की तरह महसूस करवाता है तो उन्होंने बगैर वक्त गंवाए कहा था सलमान खान । इसके पहले भी जब वो बिग बॉस के सेट पर अपनी फिल्म फितूर के प्रमोशन के लिए पहुंची थी तब भी सलमान और उनके बीच के संवाद का अंदाज कुछ अलग कहानी बयां कर रहा था । तो क्या मान लिया जाए कि पांच साल पहले जिस प्यार की डोर टूट सी गई थी वो ऑस्ट्रिया के खूबसूरत लोकेशन पर एक बार फिर से जुड़ने लगी है । इस प्यार की डोर को इस वजह से भी जुड़ता देखा जा रहा है क्योंकि सलमान की गर्लफ्रेंड लूलिया वेंतूर कटरीना की वजह से ही ऑस्ट्रिया नहीं जा पा रही है । टाइगर जिंदा है की शूटिंग खत्म होते होते प्यार के फूल भी पूरी तरह से खिल चुके होंगे ।